देहरादून के परेड ग्राउंड में इस बार दशहरा उत्सव का नजारा बेहद भव्य होने वाला है। बन्नू बिरादरी के 79वें दशहरा उत्सव का मुख्य आकर्षण 181 फीट ऊंचा रावण का पुतला होगा, जबकि कुंभकरण और मेघनाथ 70-70 फीट के होंगे। ये पिछले साल की तुलना में करीब 60 फीट अधिक ऊंचा है। दशहरा कमेटी के अध्यक्ष सरदार संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लंका को भी आकर्षक और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष एंट्री गेट बनाए जा रहे हैं और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर लिया गया है। उत्सव की शुरुआत गोपीनाथ मंदिर से शोभायात्रा के साथ होगी। 20 अक्टूबर को शाम 5 बजे लंका दहन और ठीक 6 बजकर 5 मिनट पर रावण दहन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री खजान दास और मेयर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।






