आज राजधानी देहरादून में उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर महाआक्रोश रैली निकालकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में टीईटी के प्रावधानों को वापस लेने, पुरानी पेंशन बहाल करने, शिक्षण कार्य के अलावा अन्य गैर-शैक्षणिक कार्य न कराए जाने, गोल्डन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने, हिमालयी राज्यों की तर्ज पर शिक्षा मित्रों को नियमित करने तथा संपूर्ण सेवाकाल में एक बार गृह जनपद में स्थानांतरण का अवसर प्रदान करने जैसी मांगें शामिल हैं। शिक्षकों का आरोप है कि सरकार और शिक्षा मंत्री से कई दौर की वार्ता के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है, जिससे उनमें गहरा रोष है और अब टीईटी के दायरे में आ रहे देश भर के 25 लाख शिक्षक दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करेंगे।






