
देहरादून -में आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का दिनभर व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके उत्तराखंड दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नितिन नबीन आज पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित एक होटल में बैठकों का दौर शुरू होगा।
बैठकों में प्रदेश के सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने को लेकर अहम रणनीति तैयार की जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी संगठन की जमीनी सक्रियता और सरकार-संगठन के समन्वय को लेकर भी फीडबैक लेंगे।
वहीं शाम के समय नितिन नबीन परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वे गंगा आरती में शामिल होंगे और संतों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके इस दौरे को भाजपा के आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक एजेंडे से जोड़कर देखा जा रहा है।






