
उत्तराखंड में कावड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि सरकार जिन व्यवस्थाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही थी, वे धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद कई स्थानों पर अव्यवस्था देखने को मिल रही है। कांग्रेस का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी, ऐसे में हालात और गंभीर हो सकते हैं। गोदियाल ने सरकार से चारधाम यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।





