मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ और ‘विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047’ का लोकार्पण किया। देवभूमि परिवार पोर्टल को ‘एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म’ की अवधारणा पर तैयार किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पोर्टल पर एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से परिवारों का सामाजिक और आर्थिक विवरण दर्ज किया जाएगा। इससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान करना आसान होगा। साथ ही पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
पोर्टल के जरिए सरकारी योजनाओं में डुप्लीकेसी रोकने और लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी आसान बनाने का प्रयास किया गया है। इससे विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन और पात्र लाभार्थियों तक सुविधाएं पहुंचाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने ‘विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047’ का भी लोकार्पण किया। इसके तहत वर्ष 2047 तक उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए दीर्घकालिक विकास का विजन प्रस्तुत किया गया है।






