
उत्तराखंड में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर चारधाम यात्रा मार्गों पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त महीने में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज होने की संभावना है। मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि अभी तक प्रदेश में मानसून की स्थिति लगभग सामान्य रही है, हालांकि जून और जुलाई के दौरान वर्षा के वितरण में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उन्होंने कहा कि फिलहाल सक्रिय मानसून के चलते चमोली और रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में यात्रियों को मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अलर्ट और एडवाइजरी पर लगातार नजर रखनी चाहिए तथा उसी के अनुरूप अपनी यात्रा की योजना बनानी चाहिए।





