
देहरादून।
वीकेंड के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए दून पुलिस ने नगर से लेकर देहात क्षेत्र तक बड़े स्तर पर ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट समेत विभिन्न स्थानों पर औचक चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 1809 वाहनों की चेकिंग की और 1900 से अधिक लोगों से पूछताछ की। इस दौरान संदिग्ध पाए गए 35 लोगों को थाने लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई। सत्यापन के बाद 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 30 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान कर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा 65 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय को भेजे गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।






