उत्तराखंड में विभिन्न सरकारी भर्तियों को लेकर बेरोजगार युवाओं का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दिया। गुरुवार को बेरोजगार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं ने सचिवालय कूच किया। प्रदर्शनकारी विभिन्न विभागों की लंबित भर्तियों, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और नियुक्तियों में हो रही देरी को लेकर अपना मांग पत्र सौंपने पहुंचे। इस दौरान बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने भर्ती प्रक्रिया में बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों के चयन और फर्जी डिग्रियों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों के भर्ती रिकॉर्ड में भी कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कंडवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द रिक्त पदों पर विज्ञप्तियां जारी नहीं कीं और युवाओं की मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आचार संहिता से पहले परेड ग्राउंड में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की भी तैयारी है। वहीं, बेरोजगार संघ के पूर्व अध्यक्ष बॉबी पंवार ने भी प्रदर्शन को समर्थन देते हुए सरकार से युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भर्तियां समय पर होनी चाहिए, परीक्षाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और चयनित अभ्यर्थियों को समय से नियुक्ति दी जानी चाहिए। उन्होंने एलटी, आईटीआई अनुदेशक, तकनीकी और अन्य विभागों में रिक्त पदों पर विज्ञप्ति जारी करने की मांग उठाई। पंवार ने कहा कि सरकार को युवाओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा।






