
देहरादून की शिक्षिका सीमा कंडारी आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना था और महिला द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा किए जाने के बाद पूरे देश में इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार, सीमा कंडारी पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और इसकी जांच सीओ डोईवाला को सौंपी गई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर सीमा कंडारी के पति, जो सचिवालय सेवा में कार्यरत हैं, और उनकी ननद को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने कहा कि यह घटना समाज को झकझोरने वाली है और पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना तेजी से की जा रही है और पुलिस न्यायालय से फास्ट ट्रैक में सुनवाई का आग्रह करेगी ताकि दोषियों को जल्द और कड़ी सजा मिल सके।






